सिरसा जिला के किसानों को सिंचाई के पानी की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी: कांडा
सिरसा,(थ्री स्टार): कृषि ही सिरसा की जीवन रेखा है। सिरसा जिला के किसानों को सिंचाई के पानी की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा अत्याधिक गंभीर हैं। कृषि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है। उक्त उद्गार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने एम.डी.एल.आर. कार्यालय में सलारपुर, मंगाला, रंगड़ी, नटार, धिंगतानिया, मोडियाखेड़ा और शहीदांवाली गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों से कहे। कांडा ने एमडीएलआर कार्यालय में पधारे वित्त और सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के समक्ष उक्त गांवों के किसानों की समस्याओं को रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की अपील की। एम.डी.एल.आर. कार्यालय में पहुंचने पर कांडा ने वित्तमंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का भव्य स्वागत किया। कांडा की मांग पर वित्तमंत्री अजय सिंह यादव ने कहा कि चाहे कितने भी बजट का प्रावधान करना पड़े, पर किसान की फसलों को नहीं सूखने दिया जाएगा। उपरोक्त गांवों के खाले और नहरों के संबंध में कैप्टन यादव ने साकारात्मक रुख दिखाते हुए एक करोड़ 60 लाख की लागत से मंगाला सब माईनर को मंजूरी दी। विदित है कि इससे पहले भंभूर और धिंगतानिया माईनर के निर्माण की दिशा में प्रयास आरंभ हो चुके हैं। गोबिंद कांडा ने इस अवसर पर वित्तमंत्री को बताया कि सिरसा की धरती सफेद सोना पैदा करने में भारत में प्रथम स्थान पर है, परंतु धरती पुत्र किसान प्राकृतिक आपदाओं के कारण सूखे और बाढ़ की विभिषिका को झेलने को विवश हो जाते हैं, जिस कारण उनकी आर्थिक स्थिति नहीं सुधर रही। कांडा ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का स्थाई समाधान हो जाता है तो कृषकों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और इससे जहां एक ओर शहर में व्यापार बढ़ेगा, वहीं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। वित्त व सिंचाई मंत्री द्वारा किसानों की समस्याओं के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने पर कांडा ने उनका आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, कृष्ण सैनी, सूरत सैनी, महेन्द्र सेठी, विजय पाल अरोड़ा, भूपेश गोयल, अमन सर्राफ, जयसिंह कुसुंबी, गोबिंद राम गोयल, राजेन्द्र मकानी, नवीन मेहरा, जिला कांग्रेस महासचिव रानी रंधावा, मनोहर लूथरा, नीलम शेखावत व सिंचाई विभाग के अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
0 comments:
Post a Comment