सांसद तंवर ने दी शुभकामनाएं
सिरसा,(थ्री स्टार): सिरसा के सांसद डॉ. अशोक तंवर ने विश्व हॉकी फैडरेशन की ओर से विश्व हॉकी इलेवन के लिए चयनित एकमात्र भारतीय खिलाड़ी सरदार सिंह को शुभकामनाएं दी हैं। सांसद तंवर के निमंत्रण पर सरदार सिंह उनके हुडा स्थित निवास स्थान पर पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर सांसद ने इस राष्ट्रीय प्रतिभा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके चयन पर बधाई दी। सरदार सिंह ने अपने परिवार सहित सांसद निवास पर जलपान किया। सांसद ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी में सिरसा जिला के युवक सरदार सिंह ने जो ऊंचाइयां हासिल की हैं वह अपने आपमें तारीफ के काबिल है। सांसद तंवर ने कहा कि यह सिरसा जिले के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि एक छोटे से गांव में जन्मे सरदार सिंह ने विश्वस्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इससे सिद्ध होता है कि प्रतिभाओं को देशकाल की सीमाएं नहीं बांध सकती। सांसद डॉ. तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सिरसा में हॉकी अकादमी खोलने की जो घोषणा की है उससे इस क्षेत्र के खिलाडिय़ों को काफी मनोबल बढ़ेगा और हॉकी के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा। डॉ. तंवर ने सरदार सिंह से सिरसा में प्रस्तावित हॉकी अकादमी खोले जाने पर भी चर्चा की और उम्मीद जताई कि हॉकी अकादमी संतनगर क्षेत्र में ही खोली जाए। उन्होंने कामना की कि सरदार सिंह हॉकी को और अधिक गौरव दिलाने में सफल होंगे। डॉ. तंवर ने कहा कि प्रदेश की हुड्डा सरकार खेलों को लेकर काफी गंभीर है और प्रदेश में लागू खेल नीति की बदौलत ही आज हरियाणा के खिलाड़ी देश और विदेश में नाम कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में बनाए जा रहे खेल स्टेडियमों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि सरदार सिंह पिछले दिनों अपने गांव संतनगर में आए हुए थे।
0 comments:
Post a Comment