Tuesday, February 21, 2012

हरियाणा को नंबर वन बनाने में पुलिस का अहम योगदान: गोपाल कांडा

सिरसा,(थ्री स्टार): मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में पिछले 7 वर्षों से राज्य सरकार कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों कमजोर वर्गों सहित सभी को उनका वाजिव हक प्रदान कर रही है। यह शब्द गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने रानियां रोड स्थित कैंप कार्यालय में पे-स्केल के बारे में ज्ञापन देने आए हरियाणा पुलिस कर्मचारी (एसोसिएशन) संघ के पदाधिकारियों से कहे। कांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के समान विकास की नीति पर चल रही है। इसलिए पुलिस कर्मचारियों द्वारा की जा रही तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की तुलना में कम वेतनमान मिलने पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा। कांडा ने कहा कि हरियाणा को नंबर वन बनाने में पुलिस का अहम् योगदान रहा है। क्योंकि जिस राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर होती है, वहीं विदेशी निवेश और अन्य प्रदेशों के व्यापारी अधिक निवेश करते हैं। इस अवसर पर संघ के प्रदेशाध्यक्ष बलवान लाम्बा ने गृहराज्यमंत्री को बताया कि वे अनुशासन में रहकर सरकार के समक्ष वेतन विसंगती का मुद्दा रख रहे हैं। लाम्बा ने कहा कि 1957 के बाद 1966 में लागू हुए पे-स्केल के बाद पुलिस कर्मचारी अपने ही समान रैंक वाले अन्य कर्मचारी जैसे क्लर्क, अध्यापक आदि से कम वेतन पा रहे हैं, जबकि पुलिस की ड्यूटी कठिन है तथा उन्हें तीज-त्यौहार के मौके पर भी घर जाने की बजाय कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी करनी पड़ती है। लाम्बा ने कहा कि जेबीटी ग्रेड से उनकी मांगों को जोडऩा न्यायसंगत नहीं है। केवल मात्र जेबीटी के लिए शैक्षणिक योग्यता और ट्रेनिंग अवधि को देखते हुए इसे जेबीटी ग्रेड से जोड़ा जा रहा है, जबकि वो समान रैंक समान वेतन की मांग कर रहे हैं। लाम्बा ने कहा कि पुलिस संघ बिना किसी राजनैतिक दलों के बहकावे में आकर सरकार के समक्ष नम्रता से अपनी मांगे रखेगा तथा सदैव अनुशासन बनाए रखेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा बनने के बाद किसी भी राजनैतिक दल ने पुलिस कर्मचारियों के साथ वेतन के मुद्दे पर न्याय नहीं किया। लाम्बा ने कहा कि उन्हें अन्य पुलिस कर्मचारियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा उनकी कठिन सेवा शर्तों को देखते हुए उनको पूर्ण न्याय प्रदान करेंगे।

0 comments:

  © CopyRight With ThreeStar

Back to TOP