सांसद ने किया 'नॉलेज यंत्रा' का उद्घाटन
सिरसा,(थ्री स्टार): सिरसा के सांसद डा.अशोक तंवर ने आज स्थानीय कीर्ति नगर के राजकीय प्राथमिक स्कूल में इंटरग्रेटिड कंप्यूटर कम प्रोजैक्टर पर आधारित 'नॉलेज यंत्रा' का उद्घाटन किया। इस स्कूल में स्थापित होने वाला यह नॉलेज यंत्रा हरियाणा में अपनी तरफ का एक नया प्रोजेक्ट है। इससे पहले इस प्रकार के नॉलेज यंत्रा केवल आंध्र प्रदेश के स्कूलों में स्थापित किए गए है। इन नॉलेज यंत्रों से पहली से पांचवी तक की कक्षाओं के छात्रों को एक विशेष कार्टून तरह के कार्यक्रम के तहत साईंस, गणित व अंग्रेजी विषयों का ज्ञान करवाया जाएगा तथा अंग्रेजी स्पोकन के लिए अभ्यास भी करवाया जाएगा। हरियाणा में सांसद निधि कोष के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रुप में यह नॉलेज यंत्रा सिरसा जिला से शुरु किए गए है। सिरसा संसदीय क्षेत्र में 9 नॉलेज यंत्र स्थापित किए जाने है जिनमें पांच सिरसा जिला में, तीन फतेहाबाद जिला के स्कूलों में और एक नरवाना के राजकीय स्कूल में स्थापित किया जाना है। इस अवसर पर डा. अशोक तंवर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि 9 यंत्रों के स्थापित होने पर 22.50 लाख रुपए की राशि खर्च हुई है जो सारी की सारी एमपी लैड के अंतर्गत वहन की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन नॉलेज यंत्रों से बच्चों को मैट्रो पोलेटिन स्कूलों के बच्चों के बराबर शिक्षा मुहैया होगी। उन्होंने बताया कि इन कंप्यूटर कम प्रोजेक्टरों के माध्यम से उपरोक्त तीनों विषयों की नई तकनीक से शिक्षा दी जाएगी जिससे बच्चों के ज्ञान में वृद्धि होगी और सूचना प्रौद्योगिककरण की नई तकनीकों के बारे में बच्चे जान पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए जिला प्रशासन द्वारा इन इन्फ्रास्टक्चर लर्निंग एंड फाइनेंशियल सर्विस लिमिटिड से अनुबद्ध किया गया है। इस इंस्टीट्यूट द्वारा पहले भी आंध्र प्रदेश में यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इस नॉलेज यंत्रा को संचालित करने के लिए उपरोक्त कंपनी द्वारा स्थानीय स्कूलों के दो-दो अध्यापकों को प्रशिक्षित भी किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत पहली से आठवीं तक के छात्रों को शिक्षा की सुविधा मुहैया करवाने का प्रावधान है लेकिन शुरुआती दौर में जिला प्रशासन द्वारा पांचवी तक के छात्रों को ही विभिन्न विषयों में शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह नॉलेज यंत्रा शिक्षा का आधुनिकतम यंत्र है। उन्होंने आशा जताई की इस प्रणाली से दी गई शिक्षा का छात्र भरपूर लाभ उठाएंगे। उन्होंने अध्यापकों से भी अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा इस यंत्र का उपयोग कर बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा मुहैया करवाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा हरियाणा में शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं शुरु की गई है। उन्होंने कहा कि 6 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को शिक्षित करने के लिए केंद्र सरकार ने शिक्षा के अधिकार का बिल भी पास किया है जिसको क्रियान्वित करने के लिए देश में हजारों की संख्या में स्कूल कॉलेज खोलने की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने कहा कि एक आंकड़े के मुताबिक देश में 11 लाख करोड़ रुपए की राशि शिक्षा के विभिन्न कार्यक्रमों पर खर्च किए जाने से देश में शिक्षा की क्रांति आ सकती है। इस दिशा में केंद्र सरकार निरन्तर प्रयासरत है। उपायुक्त सी.जी रजिनीकांथन ने सिरसा जिला में यह महत्वाकांक्षी कार्यक्रम शुरु होने पर स्कूली छात्रों को बधाई दी और अध्यापकों से कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा इन यंत्रों का उपयोग करे जिससे इन बच्चों की रुचि विज्ञान, गणित व अंग्रेजी विषयों में बढ़ेगी। इस अवसर पर इन्फ्रास्टक्चर लर्निंग एंड फाइनेंशियल सर्विस लिमिटिड के लोकेश बजाज ने नॉलेज यंत्रा के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि यह सिस्टम शिक्षा के क्षेत्र में जिला के छात्रों के लिए निश्चित रुप से मील का पत्थर साबित होगा। इसके बाद डा. अशोक तंवर ने स्थानीय नैशनल कॉलेज में इंटर कॉलेज वार्षिक साईंस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में आधा दर्जन से भी अधिक कॉलेज भाग ले रहे है। साईंस विषयों के साथ-साथ मनौविज्ञान और भूगोल विषयों से संबंधित प्रदर्शनी भी आयोजित की गई थी। विभिन्न कॉलेज के छात्रों ने बहुत ही ज्ञानवद्र्धक प्रोजेक्ट तैयार किए हुए थे जिनको सांसद श्री तंवर ने खूब सराहा और छात्रों का उत्साहवद्र्धन करते हुए कहा कि छात्रों को ज्यादा से ज्यादा समय अध्ययन व नए-नए रिसर्ज लगाना चाहिए जिससे छात्रों को नई खोजों का ज्ञान भी होगा और वे अपने क्षेत्रों में अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बच्चों से तैयार किए गए प्रोजेक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी भी हासिल की। इस अवसर पर उनके साथ सिरसा नैशनल कॉलेज की प्राचार्य डा. सुमन गुलाब, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा, ओमप्रकाश केहरवाला, आनंद बियानी, नवीन केडिय़ा, तेजभान पटवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

0 comments:
Post a Comment