महाविद्यालय का बी. एड. परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत
सिरसा,(थ्री स्टार): कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परिणामों में जननायक चौधरी देवीलाल शिक्षण महाविद्यालय में छात्रा भारती शर्मा ने बी.एड. कोर्स में 760/1000 अंक हासिल करके कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसी कॉलेज की छात्रा पारूल रानी ने 748/1000 अंकों के साथ विश्वविद्यालय में दसवां स्थान हासिल किया है। इस विषय की जानकारी देते हुए कॉलेज प्राचार्य डॉ0 जयप्रकाश ने बताया कि महाविद्यालय का बी.एड. का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि छात्रा भारती शर्मा द्वारा मात्र एक अंक से पिछड़ते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया गया है। कुल 195 छात्रों ने इस सत्र में परीक्षा दी थी, जिनमें से 156 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की तथा 14 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करके महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। इनमें से तपस्या बैनीवाल ने 73.6 प्रतिशत, रेणू गिल ने 73.4 प्रतिशत, मंजू यादव ने 72.9 प्रतिशत, रमनदीप कौर ने 72.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। डॉ0 जयप्रकाश ने अभिभूत होते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के परिणाम किसी भी संस्था के शैक्षणिक स्तर का आईना होते हैं। कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बी.एड. के इन परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि जेसीडी विद्यापीठ न केवल खेलों एवं गतिविधियों में अग्रणी है अपितु शिक्षा के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय मानचित्र पर तेजी से अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। विद्यापीठ के मेधावी छात्रों द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन पर विद्यापीठ के चेयरमैन डॉ0 अजय सिंह चौटाला, वाईस-चेयरमैन मनिन्द्रपाल सिंह बराड़ एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ0 शमीम शर्मा ने कॉलेज स्टॉफ, विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी और विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर छात्रा भारती शर्मा ने बताया कि उसके जीवन का उद्देश्य एक अच्छी अध्यापिका बनना है तथा उन्होंने अपनी इस सफलता का सारा श्रेय अपने माता-पिता, प्राचार्य डॉ0 जयप्रकाश तथा कॉलेज स्टॉफ को दिया है। गौरतलब है कि छात्रा ने बी.एस.सी की पढ़ाई राजकीय नैशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसा से की है, जिसमें 62 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। भारती के पिता राजकीय सीनियर सैकेण्डरी स्कूल, भुर्टवाला में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। अपनी पुत्री के अच्छे प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए भारती के पिता श्री सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि इसने अपनी पूर्व कक्षाओं में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें अपनी पुत्री पर सदैव गर्व रहा है।

0 comments:
Post a Comment